छत्तीसगढ़

यूथ कांग्रेस के नाम पर नशे और हथियारों का तांडव! “प्रदेश सचिव” लिखी स्कॉर्पियो से बैजनाथपारा में मचा हड़कंप

  शराब, देसी पिस्टल और हेरोइन का जिक्र, कांग्रेस के नाम जुड़ते ही गरमाई राजनीति  


रायपुर .  कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत बैजनाथपारा एक बार फिर सुर्खियों में है। नशे के अवैध कारोबार, हथियारों की चर्चा और पुलिस की कथित अनदेखी के बीच “यूथ कांग्रेस प्रदेश सचिव” लिखी स्कॉर्पियो से हुई सनसनीखेज घटना ने पूरे शहर को झकझोर दिया है। नशे में धुत चालक ने संकरी गलियों में गाड़ियों को रौंद दिया। गनीमत रही कि कोई जान नहीं गई, लेकिन अब मामले में देसी पिस्टल और हेरोइन के जिक्र ने इसे और गंभीर बना दिया है।

देर रात मची अफरा-तफरी

घटना 15 सितंबर की रात करीब 1:50 बजे की बताई जा रही है। बिना नंबर प्लेट की स्कॉर्पियो अचानक तेज रफ्तार में बैजनाथपारा में घुस आई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक चालक पूरी तरह शराब के नशे में था। वाहन ने एक के बाद एक सड़क किनारे खड़ी 6 से ज्यादा गाड़ियों और दुकानों के शटर को टक्कर मार दी। कई लोग बाल-बाल बचे।

“यूथ कांग्रेस प्रदेश सचिव” लिखी गाड़ी से सवाल

हादसे के बाद जब लोगों ने स्कॉर्पियो को रोका, तो उस पर साफ तौर पर “यूथ कांग्रेस प्रदेश सचिव” लिखा हुआ था। चालक की पहचान राहुल ठाकुर के रूप में हुई। कांग्रेस के नाम और पद का बोर्ड देखकर लोगों का गुस्सा और भड़क गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि राजनीतिक नाम का इस्तेमाल कर खुलेआम कानून तोड़ा जा रहा है।

नशे का कारोबार और पुलिस की अनदेखी

स्थानीय निवासियों का आरोप है कि बैजनाथपारा में लंबे समय से नशे का अवैध कारोबार चल रहा है। गुर्गों के जरिए शराब और नशीले पदार्थों की सप्लाई होती है। खबरें और शिकायतें पहले भी सामने आ चुकी हैं, लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं होने से हालात बिगड़ते जा रहे हैं।

देसी पिस्टल और हेरोइन का जिक्र

घटना के बाद जब आरोपी की तलाशी और पूछताछ हुई, तो उसके पास से अवैध सामान मिलने की चर्चा तेज हो गई। सूत्रों के अनुसार मामले में देसी पिस्टल और हेरोइन से जुड़े एंगल भी सामने आए हैं। पुलिस इस दिशा में भी जांच कर रही है कि आरोपी का संबंध नशे और अवैध हथियारों के नेटवर्क से तो नहीं है।

भीड़ का गुस्सा, आरोपी की पिटाई

हादसे के बाद गुस्साई भीड़ ने राहुल ठाकुर को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। स्कॉर्पियो में भी तोड़फोड़ की गई। बाद में सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।

CCTV में कैद हुई पूरी वारदात

इलाके में लगे CCTV कैमरों में पूरी घटना कैद हो गई है। फुटेज में स्कॉर्पियो को तेज रफ्तार में लोगों को कुचलते हुए देखा जा सकता है। वीडियो सामने आने के बाद मामला और गंभीर हो गया।

ASP सिटी लखन पतले का बयान

एएसपी सिटी लखन पतले ने कहा, “आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। स्कॉर्पियो वाहन जब्त कर लिया गया है। CCTV फुटेज के आधार पर जांच चल रही है। नशे में वाहन चलाने, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के साथ ही अवैध सामान के एंगल की भी जांच की जा रही है। जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।”

कांग्रेस की छवि पर असर

इस घटना के बाद कांग्रेस और यूथ कांग्रेस की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। गाड़ी पर पार्टी और पद का नाम, साथ में नशा, हथियार और हेरोइन का जिक्र—इन सबने मामले को राजनीतिक रूप से बेहद संवेदनशील बना दिया है। अब देखना होगा कि जांच में क्या-क्या खुलासे होते हैं और क्या वाकई नशे व अपराध के नेटवर्क पर लगाम लग पाती है या नहीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button