नशे में ‘वीआईपी’ बनने की कोशिश पड़ी भारी, हूटर-बत्ती लगी स्कॉर्पियो पुलिस के हत्थे चढ़ी
रायपुर। शहर में कानून को ठेंगा दिखाकर खुद को वीआईपी साबित करने की कोशिश कर रहे एक वाहन चालक पर यातायात पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। शराब के नशे में लाल-नीली बत्ती और सायरन लगाकर स्कॉर्पियो दौड़ाना चालक को महंगा पड़ गया। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के संज्ञान के बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए वाहन को जप्त कर न्यायालय में पेश किया है।
जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो वाहन क्रमांक CG-04-NJ-9007 को चेकिंग के दौरान रोका गया। जांच में पाया गया कि वाहन पर अनधिकृत रूप से लाल-नीली बत्ती और सायरन लगाया गया था, जो केवल अधिकृत सरकारी वाहनों के लिए ही मान्य है। इससे भी गंभीर बात यह रही कि वाहन चालक आशीष यादव शराब के नशे में था। एल्कोमीटर जांच में उसके शरीर में 128 एमजी/100 एमएल शराब की मात्रा पाई गई, जो तय सीमा से कहीं अधिक है।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि वाहन निजी उपयोग का है, बावजूद इसके उसे सरकारी वाहन की तरह उपयोग किया जा रहा था। यातायात पुलिस ने इसे न केवल कानून का उल्लंघन बल्कि आम जनता की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बताया है। नशे की हालत में वाहन चलाना पहले से ही अपराध है, वहीं हूटर-बत्ती का गलत इस्तेमाल सड़क पर अन्य वाहन चालकों को भ्रमित कर दुर्घटना की आशंका बढ़ा देता है।
यातायात विभाग ने चालक के खिलाफ मोटरयान अधिनियम की धारा 108 (अनधिकृत सायरन-बत्ती), 185 (नशे में वाहन चलाना) और 119(3) के तहत कार्रवाई की है। इन धाराओं में कुल मिलाकर लगभग 20,500 रुपये के जुर्माने का प्रावधान है। जप्त की गई स्कॉर्पियो को न्यायालय के आदेश के बाद ही छोड़ा जाएगा।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया के माध्यम से मिलने वाली सूचनाओं पर लगातार नजर रखी जा रही है। भविष्य में भी इस तरह कानून तोड़ने वालों के खिलाफ बिना किसी रियायत के कार्रवाई की जाएगी। आम लोगों से भी अपील की गई है कि सड़क पर संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते हादसों को रोका जा सके।