छत्तीसगढ़

CG Weather Today: मानसून विदा, फिर भी छत्तीसगढ़ में बारिश के आसार, 40 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

छत्तीसगढ़ में मानसून की विदाई के बाद भी बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग ने 16 अक्टूबर को कुछ इलाकों में गरज-चमक और 40 किमी प्रति घंटे की हवाओं का अनुमान जताया है।

CG Weather Today : रायपुर। छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई के बाद भी मौसम पूरी तरह शुष्क रहने वाला नहीं है। प्रदेश में बढ़ते तापमान के बीच मौसम विभाग ने 16 अक्टूबर को कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। अगले दो दिनों के दौरान भी प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार बने हुए हैं।

रायपुर में दिन में साफ रहेगा आसमान

राजधानी रायपुर में 16 अक्टूबर को दिन के समय आसमान मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है। दोपहर या शाम के समय आंशिक रूप से बादल छा सकते हैं। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, शहर का अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 23 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।

रायपुर में सामान्य से ज्यादा दर्ज हुआ तापमान

गुरुवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहा। रायपुर में अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.1 डिग्री अधिक था। वहीं, न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.3 डिग्री अधिक दर्ज किया गया।

प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रा रोड में 18.2 डिग्री सेल्सियस रहा। अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 18.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

दूसरी ओर, प्रमुख शहरों में अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। माना एयरपोर्ट और बिलासपुर में अधिकतम तापमान 32 डिग्री, जगदलपुर में 32.9 डिग्री और दुर्ग में 31.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

दक्षिण छत्तीसगढ़ में बारिश की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिणी छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। अगले दो दिनों तक भी प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है। फिलहाल बारिश की गतिविधियां सीमित हैं, लेकिन कुछ स्थानों पर मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।

15 अक्टूबर को पूरे देश से मानसून की विदाई

मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम मानसून 15 अक्टूबर को पूरे देश से विदा हो गया। हालांकि, मानसून की विदाई के बाद भी कुछ मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं।

वर्तमान में दक्षिणी तटीय तमिलनाडु से ओडिशा तट के पास उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी तक एक द्रोणिका बनी हुई है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश से अरब सागर तक मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र से होकर गुजरने वाली एक अन्य द्रोणिका भी मौजूद है। इन मौसमी प्रणालियों के कारण कुछ क्षेत्रों में बादल छाने और बारिश होने की संभावना बनी हुई है।

Related Articles

Back to top button